कांगड़ा जिले में चलती जीप पर मलबा गिर गया, चालक की मौत
नवराज टाइम्स नेटवर्क
शिमला/कांगड़ा,14 अगस्त। हिमाचल प्रदेश कि राजधानी शिमला में कई जगह भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन में एक मंदिर ढह गया ।
जानकारी मिली है कि सावन के सोमवार की वजह से मंदिर में काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। आसपास की इमारतों को भी खतरा है। कई लोग फंसे हुए हैं। शिव मंदिर में हरीश ,मोंटू , नीरज , संजू और पवन शर्मा के परिवार के सात लोग दब गए। इनके अलावा शंकर नेगी, पंडित राजेश समेत कई लोग शामिल हैं।
सीएम ने घटना पर दुख जताया
तीन शवों को मलबे से निकाला गया है। मौके पर बचाव अभियान जारी है। उधर शिमला के लाल कोठी में भी भूस्खलन से कुछ लोगों के दबने की आशंका है। शिमला के फागली में भूस्खलन की चपेट में एक मकान आ गया। इसमें चार लोगों के शव मिले हैं। अभी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ट्वीट कर इस घटना पर दुख जताया है।
चलती जीप पर मलबा गिरा
कांगड़ा जिले की पंचायत बलोह में बादल फटने से एक मकान गिर गया और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मकान में रह रहे परिवार के चार सदस्यों को मुश्किल से बाहर निकाल कर थुरल के विश्राम गृह में ठहराया गया है। बादल फटने से पहाड़ी का मलबा पालमपुर सुजानपुर राजमार्ग पर आ गया है। कांगड़ा जिले में चलती जीप पर मलबा गिर गया। हादसे में चालक प्रवीण की मौत हो गई है।
