मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई एचपीपीसी और एचपीडब्ल्यूपीसी की बैठक

नवराज टाइम्स नेटवर्क

चंडीगढ़ – हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन सेवा को और सुदृढ़ करते हुए हरियाणा रोडवेज के बेड़े में जल्द ही 650 नई बसें शामिल की जाएंगी। इनमें 150 ऐसी तथा 500 नॉन ऐसी बसें शामिल हैं। इन बसों की खरीद पर लगभग 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आज यहां हुई उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (एचपीपीसी) में इस संबंध में मंजूरी प्रदान की गई है।

उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (एचपीपीसी), विभागीय उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (डीएचपीपीसी) तथा हाई पॉवर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (एचपीडब्ल्यूपीसी) की बैठक में कुल मिलाकर 1320 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट तथा विभिन्न वस्तुओं की खरीद को मंजूरी दी गई। बैठक में विभिन्न बोलीदाताओं से नेगोसिएशन के बाद दरें तय करके 38 करोड़ रुपये से अधिक की बचत की गई है।

पीएमश्री और समग्र शिक्षा योजनाओं के तहत में 801 सरकारी स्कूलों में स्थापित होगी आईसीटी लैब्स

बैठक में पीएमश्री योजना और समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत 801 सरकारी स्कूलों में 4 प्रकार की आईसीटी लैब्स की स्थापना करने को भी मंजूरी प्रदान की गई। इन पर लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा, 33 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में निपुण कार्यक्रम के तहत कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए शिक्षण अधिगम उपकरण संग्रह की खरीद के लिए भी मंजूरी प्रदान की गई।

जलापूर्ति परियोजनाओं को मिली मंजूरी

बैठक में 15.60 करोड़ रुपये की लागत से महेंद्रगढ़ शहर में वाटर वर्क्स और बूस्टिंग स्टेशनों पर मौजूदा संरचनाओं का विस्तार और नवीनीकरण तथा करनाल में 19.50 करोड़ रुपए रुपए की लागत से 4 गांवों बल्लाह, फफड़ाना, गोली और मनपुरा में जलापूर्ति सुविधा उपलब्ध कराने तथा गांव बल्लाह में सीवरेज सुविधा उपलब्ध कराने व सीवेज उपचार संयंत्र के निर्माण की परियोजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई।