कार्यक्रम का शुभारंभ माल्यार्पण व पुष्पांजलि के साथ हुआ
नवराज टाइम्स नेटवर्क
पंचकूला, 17 अगस्त। शहीद भगत सिंह जागृति मंच व कंबोज सभा पंचकूला इकाई के संयुक्त तत्वाधान में शहीद उधम सिंह का 86वां बलिदान दिवस शहीद उधम सिंह चौक 4/10 पर बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माल्यार्पण व पुष्पांजलि के साथ हुआ। माखन सिंह ने उधम सिंह पर लिखी कविता से कार्यक्रम की शुरुआत की।
अपनी प्रतिज्ञा को पूरा किया
इस अवसर पर रिटायर आईजी आइटीबीपी ईश्वर सिंह दुहन ने उधम सिंह के बारे में बोलते हुए कहा कि जलियांवाला बाग में रोलेट एक्ट के विरोध में चल रही सभा में जनरल ओडवायर ने निहत्थे लोगों पर 1650 गोलियां बरसा कर जनंग्य अपराध किया था उसी का बदला शहीद उधम सिंह ने 13 मार्च 1940 के दिन माइकल ओडवायर के सीने में तीन से चार गोलियां दाग कर अपनी प्रतिज्ञा को पूरा किया।
“उधम सिंह अमर रहे“
इसके बाद शहीद उधम सिंह पर किताब लिख चुके प्रोफेसर एम.एम. जुनेजा ने भी शहीद उधम सिंह के जीवन पर आधारित विचार सुनाकर सबको भाव विभोर कर दिया कि कैसे एक अनाथ क्रांतिकारी ने 21 वर्ष की तपस्या कर अपने आप को देश के लिए कुर्बान कर दिया। पार्षद ओमवती पूनिया व मंच के अध्यक्ष जगदीश भगत सिंह ने “उधम सिंह अमर रहे” “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों के साथ जोश भर दिया और सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर कंबोज सभा व शहीद भगत सिंह जागृति मंच के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
