पहाड़ों से लेकर मैदानों तक आफत की बारिश, दिल्ली डूबी पानी में, अमरनाथ यात्रा पर भी लगी रोक

भारी बारिश से 8  राज्य प्रभावित कई राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट जारी

नवराज टाइम्स नेटवर्क
नई दिल्ली,8 जुलाई। उत्तर भारत सहित देश के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। तेज बारिश के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित कई राज्य पानी में डूब चुके हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश सहित देश के करीब 8 राज्यों के लिए तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजधानी डूबी बारिश की पानी में
दिल्ली में बारिश आफत बनकर रह रही है। राजधानी का अधिकतर हिस्सा पानी में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है। ऐसे में यहां जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कें जलमग्न हो चुकी है और ट्रैफिक जाम की समस्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। सड़कों पर पानी जमा होने के कारण पुलिस को भी ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए कड़ी  मेहनत करनी पड़ रही है।

हिमाचल में बारिश का रेड अलर्ट
वहीं मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्र में भी भारी बारिश का दौर जारी है। बीती रात से हिमाचल और उत्तराखंड के अनेक जिलों में भारी बारिश हो रही है। हिमाचल में शुक्रवार को चंडीगढ़ शिमला नेशनल हाईवे पर मलबा गिर गया था। इसी तरह कालका शिमला रेल सेक्शन पर भी तीन चार जगहों पर मलबा गिरने के कारण टॉय ट्रेन बीच रास्ते में खड़ी रही। जंगल के बीच ट्रेनें खड़ी रहने के कारण सैलानियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हिमाचल के लिए मौसम विभाग ने 7 जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।  
बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित
इसी तरह से उत्तराखंड के अनेक जिलों में भी बारिश से हालात बेहद खराब हो चुके हैं। इसी तरह हरियाणा, पंजाब, कर्नाटका, मुंबई, गोवा, केरल, असम, नागालैंड तथा उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में भारी बारिश के चलते सड़कें जलमग्न हो गई है। इन राज्यों में लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित है और प्रशासन भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
बीच रास्ते में फंसे हजारों तीर्थयात्री
बारिश के कहर से जम्मू-कश्मीर भी अछूता नहीं रहा है। जम्मू कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम बेहद खराब हो गया है। मौसम के हालात को देखते हुए प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा पर आज दूसरे दिन भी रोक लगा दी है। ऐसे में हजारों तीर्थयात्री बीच रास्ते पर जगह-जगह पर फंसे हुए हैं।
यह भी पढ़ें

Monsoon Update:24 घंटे में 19 राज्यों में भारी बारिश का हाई अलर्ट; महाबलेश्वर में चट्टान गिरने से रास्ता बंद

अभी बाकि है उस पटकथा या लापरवाही की परतें खुलना, जिसने पटरी पर दौडने वाली ट्रेनों को मुर्दा घर बना दिया