दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गूंजा जय हरियाणा-विकसित हरियाणा

By. अरुण निशाना  

नई दिल्ली, 23 जनवरी। जय हरियाणा, विकसित हरियाणा गीत की गूंज मंगलवार को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर सुनाई दी। मौका था दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल का, जिसमें हरियाणा प्रदेश की झांकी को लगातार तीसरी बार शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ है। इस वर्ष हरियाणा की झांकी का थीम मेरा परिवार-मेरी पहचान रखा गया है।

मेरे सुबे में क्युं ना मन चाहवै इतराणा

मंगलवार को गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रैस रिहर्सल में हरियाणा की झांकी के साथ दोनों तरफ हरियाणवी पारम्परिक वेशभूषा में महिला कलाकार हरियाणवी नृत्य करती नजर आती है। इस दौरान हरियाणवी बोली में गीत भी बजता है, जिसके बोल है, जय हरियाणा, विकसित हरियाणा, सीधे साधे लोग है इसके, दूध दही का पीणा खाणा, सुंदर सड़कें समतल चौड़ा, यातायात का ताना-बाना, पल-पल चलती रेल मेट्रो सुगम सभी का आना-जाना, सुख, समृद्धि, खुशहाली और अमन चैन का यहां ठिकाना, वर्तमान है उज्जवल इसका, भविष्य सुरक्षित सबने माना, इतना सब कुछ मेरे सुबे में क्युं ना मन चाहवै इतराणा–जय हरियाणा।

विद्यार्थियों को नि:शुल्क टैबलेट

राज्य सरकार के प्रवक्ता के अनुसार हरियाणा की झांकी को इस वर्ष लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में शामिल किया गया है। झांकी के अग्रणी भाग (ट्रैक्टर) में एक स्कूली छात्रा दर्शायी गई है, जिसके हाथ में टैबलेट है, जो डिजिटल हरियाणा का प्रतीक है। ध्यान रहे कि राज्य सरकार ने अपने महत्वकांक्षी ई-अधिगम कार्यक्रम के तहत सरकारी स्कूलों में 10वीं से 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले पांच लाख से अधिक विद्यार्थियों को नि:शुल्क टैबलेट वितरित कर रिकॉर्ड कायम किया था।

मेट्रो रेल सेवा को शामिल किया गया

झांकी के पीछे वाले भाग (ट्राला) पर सबसे पहले हरियाणा में फूलों की खेती करती महिला किसान दर्शाई गई है जो कि आधुनिक खेती के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण का परिचायक है। इस भाग के बीच वाले हिस्से में इंटरनेशनल सोलर अलॉयंस का हरियाणा में स्थापित मुख्यालय को दर्शाया गया है। यह मुख्यालय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर सौर संसाधन सम्पन्न देशों के बीच उनकी विशेष ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग के लिए एक मंच प्रदान करता है। यही नहीं झांकी के मध्य और अंतिम भाग में हरियाणा में मजबूत होते इंफ्रास्ट्रक्चर को दर्शाया गया है, जिसमें मुख्य रूप से बेहतर सड़कों विशेषकर हाईवे का जाल बिछाने और मेट्रो रेल सेवा को शामिल किया गया है