वैसे तो इस फल को ऐसे ही खाना सबसे बढ़िया रहता है
नवराज टाइम्स नेटवर्क
फलों की रानी कहलाया जाने वाला मंगोस्टीन फल अपनी मिठास से सबका पसंदीदा बन जाता है। इसका स्वाद मीठा और लीची व आम जैसे कई फलों का मिश्रण लगता है। इस फल से स्वस्थ त्वचा समेत कई फायदे मिल सकते हैं। वैसे तो इस फल को ऐसे ही खाना सबसे बढ़िया रहता है। हालांकि आप इससे ये लजीज पकवान भी बना सकते हैं।
मैंगोस्टीन का पन्ना कोटा
मैंगोस्टीन का पन्ना कोटा बनाने के लिए सबसे पहले जेलेटिन को पानी में भिगोएं। इसके बाद दूध उबालकर उसमें जेलेटिन डालें और अच्छी तरह घुल जाने दें। इसे एक कटोरे में निकालें और उसमें मैंगोस्टीन का पल्प, दही और पिसी चीनी मिला दें। इसमें नींबू का रस मिलाएं और उसके छिलके को कद्दूकस करके भी डाल दें। इसे गिलास में डालकर फ्रिज में जमने के लिए रख दें। ऊपर से आम का जूस डालकर उसे दोबारा जमा लें और परोसें।
मैंगोस्टीन की आइसक्रीम
मैंगोस्टीन की आइसक्रीम तैयार करने के लिए सबसे पहले इस फल को चम्मच की मदद से मीस लें। इसके बाद एक कटोरे में व्हिप्पिंग क्रीम लेकर फेटें। जब यह क्रीम मलाईदार हो जाए तब उसमें मैंगोस्टीन का रस, बारीक कटे खजूर और गाढ़ा नारियल का दूध मिला दें। इसे एक ढक्कन वाले बर्तन में डालें और फ्रीजर में जमने दें।
मैंगोस्टीन की हर्बल चाय
मैंगोस्टीन के छिलके में भी बहुत पोषण होता है। आप छिलकों को फेंकने के बजाय उनकी मदद से हर्बल चाय बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले मैंगोस्टीन का छिलका उतार लें और उसके अंदर का मोटा भाग प्लेट में निकालें। अब इस भाग को धूप में सुखा लें और डिब्बे में भरकर रख लें। जब भी मन करे छिलकों को पानी में उबालकर चाय बना लें।
मैंगोस्टीन की स्मूदी
मैंगोस्टीन की स्मूदी बनाने के लिए आपको 3 पके हुए मैंगोस्टीन, एक केला, एक कप नारियल का दूध, एक चम्मच शहद और घिसा हुआ नारियल चाहिए होगा। सबसे पहले मैंगोस्टीन को छीलकर उसका फल निकाल लें। अब एक ब्लेंडर में फल को डालें और उसमें केला, नारियल का दूध, शहद और घिसा हुआ नारियल भी शामिल कर दें। इन सभी सामग्रियों को ब्लेंड करें और गिलास में निकालकर घिस नारियल छिड़क कर परोसें।
