दिल की बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है
नवराज टाइम्स नेटवर्क
अक्सर विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए 7 से 9 घंटे की नींद लेना जरूरी है। कई अध्ययनों में कहा गया है कि रोजाना 7-8 घंटे से कम नींद लेने पर मोटापे, हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है। अब एक विशेषज्ञ ने कहा है कि 6 घंटे की नींद भी पर्याप्त है, बस ये अच्छी होनी चाहिए।
नींद का होता है नियम
रिपोर्ट के मुताबिक 7 से 9 घंटे की नींद की जो सलाह दी जाती है, वो औसत है और इसका मतलब ये नहीं है कि हर व्यक्ति को 8 घंटे की नींद लेना जरूरी है। कुछ ऐसे लोग होते हैं, जिन्हें 5-6 घंटे की नींद की ही जरूरत पड़ती है, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें 10-11 घंटे की नींद चाहिए।
20 मिनट के अंदर नींद आनी चाहिए
रिपोर्ट के मुताबिक आपको सोने तभी जाना चाहिए, जब नींद का दबाव इतना हो कि आप 20 से 30 मिनट के अंदर सो जाएं और अगर आपको 20-30 मिनट के अंदर नींद नहीं आ रही है तो इसका मतलब नींद का पर्याप्त दबाव नहीं बना है। ऐसा होने पर नहाने और मेडिटेशन करने जैसी कोई गतिविधि करने की सलाह दी।
गुणवत्ता रखती है मायने
रिपोर्ट के मुताबिक नींद के समय से ज्यादा नींद की गुणवत्ता मायने रखती है। नींद की गुणवत्ता इस बात पर निर्भर करती है कि जब आप बिस्तर पर सोने जा रहे हैं, तब नींद का दबाव और लय कितने हैं। दिन में जितने ज्यादा समय तक हम जागते हैं, नींद का दबाव उनता ज्यादा बढ़ता है, वहीं नींद की लय हमारे शरीर की आंतरिक घड़ी के तौर पर काम करती है।
गुणवत्ता सुधारने के लिए ये करें
नींद की गुणवत्ता सुधारने के लिए रोजाना एक ही समय पर उठना शुरू करें। इसका रोजाना एक सही समय पर सोने से ज्यादा प्रभाव पड़ेगा। क्योंकि कई बार नींद नहीं आती तो सोने का समय निश्चित नहीं होता। जब एक बार नींद का पूरा एक रूटीन बन जाएगा, तब खुद ही आपको उस वक्त पर नींद आने लगेगी और शरीर को पता होगा कि कितने घंटे की नींद चाहिए।
