प्रदेश की महिलाओं को डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए मिलेगा ब्याज मुक्त ऋण, मुख्यमंत्री ने करी घोषणा
नवराज टाइम्स नेटवर्क
पंचकूला 8 मार्च : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में वहां की महिलाओं का योगदान सर्वाधिक महत्वपूर्ण होता है। जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तो परिवार, समाज और देश सब आगे बढ़ते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज पंचकूला में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मान समारोह में मुख्यातिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव भी उपस्थित थी। मुख्यमंत्री ने परम्परागत दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
ब्याज मुक्त ऋण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिला दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए महिला कल्याण की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश की महिलाओं को डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए १ लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा। CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमने हरियाणा में महिला कृषि वृद्धि योजना शुरू करके कृषि परिवारों में महिलाओं की पशुधन पालन, मधुमक्खी पालन, झोंगा पालन, डेयरी फार्मिंग और अन्य कृषि उद्यम जैसी गतिविधियों के लिए ब्याज मुक्त ऋण प्रदान करने का संकल्प लिया था।
तीन नए पोर्टलों की शुरूआत
इसके अलावा नायब सिंह सैनी ने ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश में ४४ नए आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन और बाल भवन चरखी दादरी का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने घरेलू हिंसा शिकायत पंजीकरण और निगरानी के लिए पोर्टल, आपकी बेटी-हमारी बेटी के लिए एमआईएस पोर्टल और एसएनपी मांग और आपूर्ति पोर्टल का शुभारंभ किया।
जन आंदोलन का रूप देना होगा
CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का दिन न केवल महिलाओं का सम्मान करने का है बल्कि उनके प्रति अपनी कृतज्ञता ज्ञापित करने का भी है। अगर आज हम दुनियाँ को सुंदर, सशक्त और सुद्रढ़ रूप में देखते है तो उसमें महिलाओं का ही योगदान है। उन्होंने कहा कि हमें लिंगानुपात में बराबरी लाने के लिए अपने प्रयासों को और तेज करना होगा। लैंगिक समानता को एक नारा नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन का रूप देना होगा ताकि हर बेटी और हर महिला को उसकी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिले।
लिंगानुपात में हुआ अभूतपूर्व सुधार
उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वावलम्बी बनाकर उनका सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता भी है और संकल्प भी। पिछले 10 सालों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में महिलाओं के प्रति वातावरण भी बदला है और महिलाओं का सम्मान भी बढ़ा है। जब हमने प्रदेश की बागडोर सम्भाली तब लिंगानुपात और कन्या भ्रूण हत्या के मामले में स्थिति बड़ी चिंताजनक थी। हरियाणा को बेटियों को मारने वाले प्रदेश के रूप में देखा जाता था परंतु प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पानीपत की ऐतिहासिक धरती से ज्बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओज् कार्यक्रम की शुरुआत करने के बाद प्रदेश का लिंगानुपात बढ गया है। आज हरियाणा की बेटियाँ खेलों में मेडल भी ला रही है, और सेना में जाकर देश की रक्षा भी कर रही है।
संदेश पूरे विश्व को दिया
इस अवसर पर संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश में महिला सशक्तीकरण की दिशा में अनेक योजनाएं और कार्यक्रम चलाए गए है, जिसका सीधा लाभ हमारी माताओं और बहनों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दिन रात प्रदेश के विकास के लिए नोन स्टाॅप गति से कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की पावन धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश पूरे विश्व को दिया।
सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि हमारी बेटियों में प्रतिभा कूट कूट कर भरी है और आज बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बहन बेटियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए है। उन्होंने कहा कि विधाययी कार्यों को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए हरियाणा विधानसभा द्वारा लोकसभा और राज्य सरकार के सहयोग से आने वाले समय में महिलाओं और विद्यार्थियों के लिए सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर कालका की विधायिका शक्ति रानी शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डाॅ साकेत कुमार, उपायुक्त मोनिका गुप्ता, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, महापौर कुलभूषण गोयल, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, बीजेपी जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे सहित अन्य अधिकारी व प्रदेशभर से आई महिलाएं उपस्थित थी।